गुरुवार, 5 जून 2014

हिंदी को थोपे नहीं गौरवशाली बनायें !

भाषा हमारी पहचान है इसे जबरदस्ती थोपे जाने के बजाय हम सबकी कोशिश यह होनी चाहिए कि लोग उन्हें भाषा विशिष्टता की वजह से नहीं वरन अंतर्मन से स्वीकार करें |इसका एक फायदा यह होगा कि लोग भाषा को अपनाने और सीखने के लिए जहाँ उत्सुक और तत्पर होंगे वहीं सरकार को भी यही चाहिए कि उन्हें हिंदी से सम्बंधित अधिक रोजगारों का मुहैया कराये तथा इसके साथ-साथ लोगों को विश्वास दिलाये कि हिंदी हमें एकसूत्र में बाँधने के लिए अतिआवश्यक है | एक बात तो तय है कि अंग्रेजी हमारी भाषा नहीं है | मै यह नहीं कहती की अंग्रेजी पढ़ना बेकार है वो हो भी नहीं सकता है क्यूंकि अंग्रेजी जहाँ हमें विस्तृत अर्थात अन्तर्राष्ट्रीय संपर्क योग्य बनाती है  वैसे ही हिंदी हमारी भारतीयता को जताती है |
जहाँ तक सवाल है दक्षिण भारत का ,यहाँ शहरी क्षेत्रों में तो फिर भी लोग समझ लेते हैं लेकिन प्रत्येक स्थल का यदि भ्रमण किया जाये तो लोगों की प्रतिक्रिया यह प्रतीत करा देती है मानों हम अपने देश से बाहर के लोगों से मिल रहे हैं | इसके लिए सरकार को कुछ लुभावने रोजगारों की व्यवस्था करनी होगी | हम अपने बच्चों को आज अच्छे से अच्छे अंग्रेजी की शिक्षा क्यूँ दिलाते हैं , बस इसलिए कि वह उपयुक्त स्तर के ओहदे को हासिल कर सके तथा आज यह सच्चाई है कि एक स्तर का नौकरी पाने के लिए अंग्रेजी आनी जरुरी है | जबकि सही मायने में देखा जाये तो हिंदी की अवस्था जब हम स्वतंत्र नहीं हुए थे तो आज की स्थिति से अच्छी थी | क्यूँ नहीं उपन्यासों के सम्राट प्रेमचन्द्र और नाटक सम्राट जयशंकर प्रसाद पनप सके ? क्यूँ आजतक दूसरी कामायनी नहीं लिखी जा सकी ? कारण हम सभी हैं | आज सही मायने में जीतनी माँग और सम्मान हिंदी को बाहर मिलती है शायद उसका एक अंश भी हमारे अपने लोगों ने नहीं किया है | लोग साहित्य और साहित्यकारों को पढना नहीं चाहते हैं | आज हिंदी के प्रति बढती अरुचि राष्ट्रीयता और भारतीयता के सामने सबसे बड़ी चुनौती है | हिंदी की अर्थी नहीं उठेगी , साहित्यिक-गतिविधियों को सक्रियता के साथ संचालित  करना होगा यदि हमें अपनी भारतीयता प्यारी है तो | मुझे लगता है आज हिंदी क्षेत्रों में भी इसकी महत्ता को नजरअंदाज कार दिया गया है | समझना होगा और लोगों को समझाना होगा कि हिंदी क्यूँ जरुरी है ? पहचान खो कार जीना कोई जीना नहीं होता है |
दक्षिण भारत में बुद्धिजीवी-वर्ग तो हिंदी के साथ तारतम्यता को बनाये रखा है ,लेकिन कहीं न कहीं मैं इन्हें दोष नहीं दे सकती हूँ क्यूँकि मातृभाषा और रोजगार की भाषा अंग्रेजी के बाद तो हम राष्ट्रभाषा को अपनायेंगे | १९१८ ई॰ में हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा को स्थापित किया उसके बाद इस तरह की कोई योजना बनी हो मुझे तो याद नहीं है | क्यूँ ? उस समय हम गुलाम थे न | आज तो शासक और शासकीय व्यवस्था सब अपने हैं कहाँ है हम ? पता है सभी को हमने ही बोलना सिखाया है | सबसे पुरानी लिपि  'ब्राह्मी' और 'देवनागरी'लिपि हमारी है |
हिंदी साहित्य का इतिहास गवाह है की परतंत्रता के समय यदि किसी भाषा ने अपनी त्वरित गति के अंतर्गत् देश के साथ-साथ अन्तर्राष्ट्रीय महत्व को कायम करने में अपनी दक्षता के तहत वर्चस्व को अपनाने के लिए विवश किया तो वह हिंदी ही थी |
फोर्ट विलियम कालेज(स्थापना:-१८०० ई॰-तथा बंद १८५४ ई॰) की चर्चा की जाये तो हम पाते हैं कि उस समय भी कालेज में हिंदी पढने वाले छात्रों की संख्या पर्याप्त मात्र में रहती थी | “यह संतोष का विषय है कि संस्था से संबंधित विद्यार्थियों की एक संख्या हिंदी के अध्ययन की ओर विशेष ध्यान दे रही है | उनकी प्रगति इस भाषा में आशा से अधिक दिखाई देती है |” (डॉ॰ शारदा वेदालंकार की पुस्तक से ,पृ॰१२० )
इस सत्य को हम नकार नहीं सकते कि हिंदी हमारी राजभाषा और संपर्क भाषा होने के साथ-साथ या इसे यूँ कहा जाये कि भारतीयता की पहचान है तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी | यही नहीं आज विश्व स्तर पर भी इसकी पहचान है | बाहर आज करीब-करीब १७० के आस-पास विश्वविद्यालयों में हिंदी-अध्ययन की व्यवस्था है |
हिंदी को गौरवशाली बनाने के लिए उसके आधुनिकीकरण को प्रयोजन मूलक बनाया जाये तथा इसके साथ-साथ उसके मानकीकरण अर्थात् ‘एकरूपता के तहत भाषा का प्रयोगीकरण’,होना चाहिए | प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी द्वारा अपने अंतर्राष्ट्रीय-वार्तालाप और संवादों में हिंदी के ही प्रयोग की उद्घोषणा किये जाने से हिंदी साहित्य और भाषा के गौरव के लिए आशा की किरण प्रखरित हुई है |यही नहीं दसवें हिंदी-सम्मेलन ने यह साबित कर दिया कि हिंदी किस प्रकार से वैश्विक-स्तर पर लोकप्रिय ही नहीं बोली और सराहे जाने के साथ-साथ अपनायी भी जा रही है कारण भारतीय-संस्कार और संस्कृति के प्रति आकर्षण ही है।़

संदर्भ और आधार-ग्रन्थ:- एम.एच.डी.-६ हिंदी भाषा और साहित्य का इतिहास ,इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय मानविकी विद्यापीठ



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें